
रात्रि कर्फ्यू का समय दो घंटे बढ़ाया गयाए अब रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगी सख्ती

कानून रिव्यू/गौतमबुद्धनगर
गौतमबुद्धनगर में कोरोना संक्रमण के 143 नए मामले सामने आए है। वहीं दूसरी ओर कोरोना वायरस संक्रमण के कारण डायल 112 की सेवाओं को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस सहायता के लिए जिले के लोगों को 1073 पर कॉल करना होगा। वहीं जिला न्यायालय मेंं भी शुक्रवार को कोरोना के संदिग्ध मिलने से अपफारी तफरी मची रही। पिछले 24 घण्टों में 143 नए संक्रमित मामले दर्ज किए गए है। वहीं एक व्यक्ति की मृत्यु भी हुई है। साथ ही अब तक कुल 1028 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस गए है। जिले में अब 763 एक्टिव संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिले में पुलिस विभाग भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है। जिले के निवासियों को पुलिस सहायता के लिए अब 1073 पर कॉल करनी होगी। जिले के पुलिस कमिश्नर ऑफिस की मीडिया सेल ने बताया कि सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि वर्तमान में 112 में कार्यरत कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण 112 की सेवाएं आंशिक रूप से बाधित हो गई हैं। अतः वैकल्पिक सेवा के रूप में पीड़ित द्वारा 1073 नंबर पर सहायता हेतु संपर्क किया जाएगा। गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से लॉकडाउन के दौरान कर्फ्यू का समय रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया गया है। पहले यह समय रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक था। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून को मेरठ मंडल में कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने हेतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी। बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए रात्रि कर्फ्यू बढ़ाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि उक्त निर्देश के आधार पर संक्रमण को रोकने के लिए गुरुवार से रात्रि कर्फ्यू का समय रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवा तथा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े लोगों के आवागमन की अनुमति है।