
थाना जेवर कोतवाली क्षेत्र में दो दिनों से लापता बालक की हत्या करके शव फेंक दिया गया है। मेडिकल स्टोर संचालक के नाबालिग पुत्र को अगवा करके बेहरमी से हत्या की गई है। दो आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन थर्ड राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जेवर कसबे के मोहल्ला काजीवाड़ा के निवासी मेडिकल स्टोर संचालक सीपी जैन का पुत्र दिनांक 18 मार्च की दोपहर लापता हो गया था। पिता ने अज्ञात युवक के खिलाफ जेवर कोतवाली में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। सीपी जैन का पुत्र अरिहंत जैन 15 वर्ष का था। वह दोपहर को अपने घर से अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नही लगा। जिससे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था । पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लेकिन शुक्रवार सुबह बच्चे का शव मिला है। जैन ने बताया की उनका पुत्र अरिहंत जैन मेरठ के हॉस्टल में कक्षा पांच में पढ़ता था। जो तीन दिन पूर्व स्कूल की छुटटी होने पर घर आया हुआ था, जिसको कोई अज्ञात व्यक्ति 18 मार्च 2020 को अगवा करके ले गया। बच्चा पढ़ने लिखने में बेहद होशियार था। मगर मूक यानी गूंगा होने के कारण बोल नही सकता था। पकड़े गए दो आरोपियों में से एक भी मूक है। पुलिस ने दो लड़कों को हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि इन दोनों ने ही बच्चे की हत्या की है। जानकारी मिली है कि जेवर में रहने वाला मूक लड़का और अरिहंत जैन आपस में व्हाट्सएप पर वीडियो कॉलिंग करते थे। दोनों के बीच बहुत अच्छी दोस्ती थी।
