कानून रिव्यू/बिहार
—————————————————
मजदूरों की हितों की रक्षा के लिए बिहार में अब नया श्रम कानून बनाया जाएगा और जिसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। ये बातें राज्य के श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिंहा ने शेखपुरा के सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं। बैठक करने शेखपुरा आए मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नए बनने वाले कानून में मजदूरों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा और बीमा कराकर दुर्घटना या फिर मौत होने की स्थिति में बीमा का 10 लाख रुपया परिजन को दिया जाएगा। इसी तरह मनरेगा मजदूरों को भी इस अधिनियम से जोड़कर उनका भी रजिस्ट्रेशन कर योजना का लाभ मिलेगा। बिहार से बाहर जाकर काम करने वाले मजदूरों के लिए भी इस अधिनियम में लाभ देने का निर्णय लिया है। राजद सुप्रीमो पर करारा प्रहार करते हुए मंत्री ने कहा कि लालू यादव मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। भ्रष्टाचार और अपराध को संरक्षण देने वाले लालू यादव को आज भ्रष्टाचार की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार का भ्रष्टाचार के मुद्दे पर महागठबंधन को तोड़ने का फैसला साहसिक था जो पूरी तरह से बिहार की जनता के हित में है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीत प्रभाकर, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. अर्जुन प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।
———————————————————————————————————————————————————————————————————————————————————————————–