सीएम और डिप्टी सीएम ने भागवत दरबार में लगाई हाजिरी
—————————————————————————
कानून रिव्यू/ वृंदावन
—————————————————————————
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था से खफा हैं। उन्होंने सीएम से कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार करें, सरकार की छवि अच्छी रखने के लिए यह बेहद जरूरी है। यह मुद्दा उस समय उठाया गया जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वृंदावन में तीन दिवसीय बैठक के दौरान संघ और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक बैठक संपन्न हुई। मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ और दोनो उपमुख्यमंत्री भी इस बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा है कि वह राज्य की कानून व्यवस्था सुधारें।
भागवत ने योगी से गोरखपुर में बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की छवि अच्छी रखने के लिए भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। भागवत ने यूपी में बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई। यूपी पुलिस के अपराध के आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष 15 मार्च से 15 अप्रैल के बीच पिछले साल के मुकाबले रेप की घटनाएं चार गुना और हत्या की घटनाएं दोगुनी हो गई हैं।
संचालन समिति की बैठक के दूसरे दिन कई नेताओं ने जीएसटी, नोटबंदी के नकारात्मक प्रभावों पर भी चर्चा की। पता चला है कि इन नेताओं ने चिंता जताई की नोटबंदी की वजह से 4 महीने तक लोगों को परेशानी हुई, लेकिन इसके वांछित परिणाम नहीं मिले हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संघ प्रमुख श्री भागवत को भरोसा दिलाया कि राज्य की कानून व्यवस्था ऐसी मजबूत की जाएगी कि आम आदमी को राम राज्य में रहने जैसा महसूस होगा।
——————————————————————————————