नोएडा एसटीएफ के चार जांबाजों को मिलेगा पराक्रम पदक, वीरता की मिसाल बने पुलिस कर्मी,गृह मंत्रालय से मिली मंजूरी,DGP करेंगे सम्मान

नोएडा। अपराधियों से सीधी भिड़ंत में हमेशा आगे रहने वाली स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा के चार बहादुर जवानों को उनकी असाधारण वीरता और साहस के लिए पराक्रम पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) इन चारों पुलिसकर्मियों को सम्मानित करेंगे।
सम्मान पाने वाले जांबाजों में हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी बिजेंद्र सिंह, अनिल कुमार और मनोज कुमार शामिल हैं। इन सभी ने न केवल अपनी जान की परवाह किए बिना अपराधियों का सामना किया, बल्कि गोलियों की बौछार के बीच अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस सेवा का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया।
एसटीएफ नोएडा के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि चारों मुख्य आरक्षियों की इस वीरता ने न केवल एसटीएफ, बल्कि पूरे पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। पराक्रम पदक का यह सम्मान ऐसे पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो हर परिस्थिति में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
🔹 इन जांबाजों की वीरता की झलक:
-
भूपेंद्र सिंह: वर्ष 2019 में गाजियाबाद के लोनी में हुई मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी अपराधी को पकड़ते हुए गोली लगने के बाद भी डटे रहे और अपराधियों को गिरफ्तार किया।
-
अनिल कुमार: वर्ष 2023 में बुलंदशहर में हुई मुठभेड़ में एक लाख के इनामी दुर्दांत अपराधी साहब सिंह को ढेर किया।
-
बिजेंद्र सिंह: 2019 में सूरजपुर में बावरिया गैंग के कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के बाद पकड़ा।
-
मनोज कुमार: मथुरा के चर्चित डॉ. विकल्प अग्रवाल अपहरण प्रकरण में एक लाख के इनामी अपहरणकर्ता को घायल अवस्था में भी पकड़ने में सफलता हासिल की।
इन जांबाजों की बहादुरी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जोखिम उठाने को तैयार है।
