Editor Kanoonreview


  • कोर्ट परिसर में अधिवक्ता पर बांके से हमला, दरोगा भी घायल

    कोर्ट परिसर में अधिवक्ता पर बांके से हमला, दरोगा भी घायल — दो आरोपी गिरफ्तार

    पीलीभीत। जिले में मंगलवार सुबह कोर्ट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अधिवक्ता पर धारदार हथियार (बांका) से हमला कर दिया गया। अधिवक्ता को बचाने पहुंचे दरोगा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने हमले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    घटना थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव खरदाई निवासी अधिवक्ता ओमपाल पर हुई, जो हत्या के एक मुकदमे में नामजद हैं और मंगलवार को मुकदमे की तारीख पर कोर्ट पहुंचे थे। इस दौरान विरोधी पक्ष के लोग वहां पहुंचे और अचानक बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

    हमले में अधिवक्ता ओमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने के प्रयास में कोर्ट परिसर में तैनात दरोगा अरविंद त्यागी भी बांके के प्रहार से घायल हो गए। घटना से कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

    सूचना पर एसपी अभिषेक यादव स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी कचहरी के पीछे खुले रास्ते से अंदर घुसे और बांका छिपाकर लाए थे।

    एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि, “दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, पूछताछ जारी है। सुरक्षा के दृष्टिगत कोर्ट परिसर की निगरानी बढ़ा दी गई है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।”