Editor Kanoonreview


  • फेस–1 पुलिस का बड़ा खुलासा: मोबाइल चोरी व अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

    फेस–1 पुलिस का बड़ा खुलासा: मोबाइल चोरी व अंतर्राज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

    नोएडा। थाना फेस–1 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व मोबाइल फोन चोरी/स्नेचिंग कर उनके तथा उनके पार्ट्स की अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।

    पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 दिसंबर 2025 को लोकल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से सेक्टर-14 नोएडा से चार अभियुक्त—फिरोज, फरदीन, सलीम और दानिश—को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 60 आईफोन, 10 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन, 28 आईपैड, एक टैबलेट, 265 मोबाइल फोन के पार्ट्स, एक एप्पल टीवी डिवाइस तथा एक स्कूटी बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।

    भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना
    पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों व जनसभाओं को चिन्हित कर वहां मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की चोरी व स्नेचिंग करते थे। भीड़ का फायदा उठाकर वे महंगे व ट्रेंड में चल रहे आईफोन और स्मार्ट मोबाइल फोन आसानी से चोरी कर लेते थे, जिनकी बाजार में भारी मांग रहती है।

    नाम बदलकर करते थे वारदात
    अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ जनसभाओं में संदेह से बचने के लिए वे अपने नाम बदलकर शामिल होते थे, जिससे लोग उन पर शक न करें। चोरी किए गए मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स को मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर बेचकर वे मोटी रकम कमाते थे।

    पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।