नोएडा में वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार,सेक्टर-24 पुलिस ने 22 चोरी के दोपहिया वाहन और 31 मोबाइल फोन किए बरामद, 3 अवैध चाकू भी मिले

नोएडा, गौतमबुद्ध नगर। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे एवं निशानदेही से 22 चोरी के दोपहिया वाहन, 31 मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं। वहीं, दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्की यादव उर्फ मोटा, करण नागर, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा को थाना सेक्टर-24 एवं थाना खोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के वाहन और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए।

चोरी के वाहनों से करते थे मोबाइल स्नैचिंग
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रैकी कर सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को बदल-बदलकर इस्तेमाल करते हुए सड़क किनारे चलने वाले लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, चोरी के दोपहिया वाहनों को पहचान से बचने के लिए जंगल और झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। स्नैचिंग किए गए कुछ मोबाइल फोन राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिए जाते थे, जबकि कुछ मोबाइल फोन बिहार ले जाकर बेचने की बात सामने आई है। बिक्री से प्राप्त रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, स्नैचिंग एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। थाना सेक्टर-24 में दर्ज अभियोग संख्या 490/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहनों और मोबाइल फोन से जुड़ी अन्य घटनाओं की जांच की जा रही है।
