मेरठ में अवैध असलहा तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से अंतरराज्यीय अपराधी घायल


मेरठ में अवैध असलहा तस्कर से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से अंतरराज्यीय अपराधी घायल,परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, पिस्टल, मैगजीन, कारतूस समेत चोरी की बाइक व स्कूटी बरामद

मेरठ। थाना परतापुर पुलिस एवं नगर स्वाट टीम मेरठ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले अभियुक्तों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय शातिर अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पिस्टल .32 बोर, मैगजीन, जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस बरामद किया गया। मौके से एक स्कूटी और फरार अभियुक्तों की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के निकट पर्यवेक्षण में 13/14 सितंबर 2026 की रात्रि में थाना परतापुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले कुछ व्यक्ति अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे) के पास मौजूद हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष परतापुर अजय शुक्ला के नेतृत्व में थाना परतापुर पुलिस एवं नगर स्वाट टीम मेरठ ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी की और उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण के बजाय अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए बहादुरपुर की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त आमिर पुत्र हाजी फरियाद, निवासी मकान नंबर 53, वेलकम कॉलोनी, थाना वेलकम, दिल्ली, के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।

घायल आरोपी के कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त आमिर के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस .32 बोर एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा अभियुक्त की स्कूटी नंबर DL5SDN1734 तथा फरार अभियुक्तों की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर UP15DD0096 भी बरामद की गई।

घायल अभियुक्त को उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल, मेरठ भेजा गया है। पुलिस द्वारा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के थानों को सूचना देकर क्षेत्र में घेराबंदी एवं सघन चेकिंग कराई जा रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

आमिर पुत्र हाजी फरियाद, निवासी मकान नंबर 53, वेलकम कॉलोनी, थाना वेलकम, दिल्ली। उम्र 34 वर्ष। पुलिस मुठभेड़ में घायल।

बरामद सामान

  1. एक पिस्टल .32 बोर।
  2. एक मैगजीन।
  3. तीन जिंदा कारतूस .32 बोर।
  4. एक खोखा कारतूस .32 बोर।
  5. एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल नंबर UP15DD0096।
  6. एक स्कूटी नंबर DL5SDN1734।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शुक्ला, थाना परतापुर मय पुलिस टीम तथा उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, प्रभारी नगर स्वाट टीम मेरठ मय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।