पंजाब में विदेशी हैंडलर की टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम, 2 आरोपी गिरफ्तार

पठानकोट। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस, पठानकोट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से दो अत्याधुनिक .30 बोर पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे और हाल ही में दुबई से पंजाब पहुंचे थे। आरोपियों को विदेशी हैंडलर द्वारा सौंपे गए टास्क को अंजाम देना था। पुलिस की कार्रवाई से पहले ही साजिश का पर्दाफाश कर दिया गया।
मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। साथ ही विदेशी हैंडलरों से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है।
