मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार, फैक्ट्री गार्डों को बंधक बनाकर लूटी गईं 30 एल्युमिनियम प्लेट बरामद

मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस एवं स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में फैक्ट्री के गार्डों को बंधक बनाकर एल्युमिनियम प्लेट लूटने की दो घटनाओं का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की 30 एल्युमिनियम प्लेट, टाटा कैंटर, पिकअप वाहन तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 04/05 सितंबर 2026 की रात ग्राम अल्लीपुर स्थित बंद पड़ी अलफईम मीट फैक्ट्री में अज्ञात बदमाशों ने तीन गार्डों को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश फैक्ट्री में रखे तीन प्लेट फ्रीजरों में से दो की कुल 30 एल्युमिनियम प्लेट लूटकर ले गए थे। इस संबंध में थाना लोहियानगर में मुकदमा अपराध संख्या 598/2026, धारा 305/309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसी प्रकार 15/16 अगस्त 2026 की रात तान्या फैक्ट्री के दो गार्डों को बंधक बनाकर फैक्ट्री में लगे दो प्लेट फ्रीजरों से 32 प्लेट खोलकर ले जाने की घटना हुई थी। इस मामले में थाना लोहियानगर में मुकदमा अपराध संख्या 580/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेश पर घटनाओं के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम चिन्दौड़ी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई के बाद चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में सलीम पहलवान घायल हुआ।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सलीम पहलवान पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी मोहल्ला पीरखान, थाना गुलावठी, बुलंदशहर; अजय पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम बहलई, थाना अहमदगढ़, बुलंदशहर; कलीम पुत्र सफीउल्ला, निवासी ए-23 बहरामपुर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद तथा आस मोहम्मद पुत्र इशाक मोहम्मद, निवासी सुदामापुरी, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक टाटा कैंटर, एक पिकअप वाहन, लूटी गई 30 एल्युमिनियम प्लेट, एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा 12 बोर के छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चारों अभियुक्तों के खिलाफ दोनों लूट की घटनाओं से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शादाब अहमद, उपनिरीक्षक विपिन कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, उपनिरीक्षक अक्षय कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक आलोक मिश्र सहित थाना लोहियानगर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
