पूजा कराने गए व्यक्ति को बंधक बनाकर मांगी फिरौती, थाना सेक्टर-113 पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा,बंधक बनाए गए व्यक्ति को सकुशल बरामद किया

नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने पूजा कराने के बहाने बंधक बनाए गए अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 05 सितंबर 2026 को अनिल कुमार तिवारी पुत्र स्वर्गीय हृदय नन्द तिवारी, निवासी ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73, नोएडा, थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर, पूजा कराने के लिए जनपद जौनपुर गए थे। आरोप है कि वहां कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें बंधक बना लिया तथा उनके पुत्र से पैसों की मांग की जा रही थी। दिनांक 09 सितंबर 2026 को अनिल कुमार के पुत्र ने पिता की गुमशुदगी के संबंध में थाना सेक्टर-113 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0-407/26 धारा 127(7) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया तथा अनिल कुमार की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की।
थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर दिनांक 11/12 सितंबर 2026 की रात्रि में कच्चे रास्ते पर मुखिया मार्केट के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष यादव उर्फ बाबा पुत्र सत्यनारायण तथा प्रवेश यादव उर्फ गोरे पुत्र हरपाल यादव, उम्र करीब 25 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मशीदा, थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर, के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी आशीष यादव उर्फ बाबा के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस तथा प्रवेश यादव उर्फ गोरे के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। मामले में थाना सेक्टर-113 पर मु0अ0सं0-407/26 धारा 127(7)/140 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
