लुधियाना में एनकाउंटर: दो आरोपियों के ढेर होने की सूचना, चंडीगढ़ से आई एजीटीएफ टीम ने की कार्रवाई


लुधियाना में एनकाउंटर: दो आरोपियों के ढेर होने की सूचना, चंडीगढ़ से आई एजीटीएफ टीम ने की कार्रवाई

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में चंडीगढ़ से आई एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की टीम द्वारा एनकाउंटर किए जाने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आत्मनगर इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गए हैं। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ की एजीटीएफ टीम को कुछ इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर टीम लुधियाना पहुंची और आत्मनगर इलाके में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस जवानों ने जवाबी कार्रवाई की।

एनकाउंटर के दौरान गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों के पास कौन-कौन से हथियार थे।

फिलहाल, एनकाउंटर में दो आरोपियों के मारे जाने की सूचना है, लेकिन स्थानीय पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।