पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, बंबीहा गिरोह के तीन गुर्गे मलेशिया से डिपोर्ट; लुधियाना ब्लास्ट की साजिश का आरोप

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बंबीहा गिरोह के तीन कथित सदस्यों को मलेशिया से डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार किया है। केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर की गई इस कार्रवाई में जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह को भारत लाया गया।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बंबीहा गिरोह के सरगना लक्की पटियाल के करीबी सहयोगी बताए जा रहे हैं। पंजाब पुलिस की OFTEC टीम ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से यह कार्रवाई की। आरोपियों पर पंजाब और पड़ोसी राज्यों में रंगदारी वसूली और टारगेट किलिंग समेत कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
लुधियाना ब्लास्ट की साजिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में अजय सिंह और पवनीदीप सिंह पर विशेष रूप से लुधियाना में हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी और विदेश में उनकी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद उन्हें भारत लाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई।
विदेश से संचालित नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पंजाब पुलिस के अनुसार, संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मलेशिया से तीनों आरोपियों को डिपोर्ट कर गिरफ्तार किया जाना विदेश से संचालित आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ने की दिशा में अहम कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, विदेश में बैठे कथित हैंडलरों और पंजाब में सक्रिय अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
