सूरजपुर पुलिस ने लूट के आरोपी को दबोचा, 46,250 रुपये, लाइटर पिस्टल और बिना नंबर की बाइक बरामद

ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने मलकपुर स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र पर हुई 80 हजार रुपये की लूट का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से 46,250 रुपये, घटना में प्रयुक्त लाइटरनुमा पिस्टल और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को दोपहर के समय ग्राम मलकपुर स्थित ओम शांति जनसेवा केंद्र पर दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए थे। मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान 20 अगस्त को पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी ओमकार पुत्र बिजेंद्र, निवासी काशीराम कॉलोनी, सेक्टर ज्यू-2, थाना दादरी, उम्र करीब 24 वर्ष को आईटीबीपी के सामने सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने जनसेवा केंद्र के संचालक को दुकान के गल्ले में रुपये रखते हुए देख लिया था। इसके बाद उसने अपने साथी मोनू को इसकी जानकारी दी और दोनों ने लूट की योजना बनाई। 13 अगस्त को जनसेवा केंद्र का मालिक बाहर गया हुआ था और उसका कर्मचारी दुकान पर मौजूद था। दोनों आरोपी बाइक से पहुंचे और हेलमेट लगाकर तथा शर्ट के ऊपर दूसरी शर्ट पहनकर अपनी पहचान छिपाई। इसके बाद लाइटर पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को डराया और गल्ले में रखे 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
आरोपी के मुताबिक, लूट के बाद दोनों बाइक से ग्राम मलकपुर से आगे होते हुए पुस्ता की ओर जंगल में चले गए थे। लूट की रकम में से 60 हजार रुपये ओमकार ने अपने पास रखे थे, जबकि 20 हजार रुपये अपने साथी मोनू को दे दिए थे। पुलिस अब मोनू की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 46,250 रुपये नकद, एक बिना नंबर की लाइटरनुमा पिस्टल और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और लूट की रकम के शेष हिस्से के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
