शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क को आतंकी घोषित करने की यूपी पुलिस की सिफारिश, गृह मंत्रालय को भेजा पत्र


शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क को आतंकी घोषित करने की यूपी पुलिस की सिफारिश, गृह मंत्रालय को भेजा पत्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की एटीएस और एसटीएफ ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नेटवर्क और उससे जुड़े सदस्यों को आतंकी घोषित करने की सिफारिश केंद्रीय गृह मंत्रालय से की है। पुलिस ने जुलाई 2026 में गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर यूएपीए की धारा 35 के तहत नेटवर्क और उसके सदस्यों को आतंकी घोषित कर चौथी अनुसूची में शामिल करने का अनुरोध किया है।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क कथित तौर पर आईएसआई के निर्देशों पर सक्रिय था और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर उन्हें कट्टरपंथ की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि युवाओं को पैसे और काम का लालच देने के साथ-साथ धमकाकर रेकी, आगजनी, पोस्टर चिपकाने और पेट्रोल बम फेंकने जैसी गतिविधियों में शामिल कराया जा रहा था।

यूपी पुलिस के अनुसार, नेटवर्क के खिलाफ अब तक 12 एफआईआर दर्ज कर 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, कारतूस, चाकू, ज्वलनशील पदार्थ और आपत्तिजनक पोस्टर समेत अन्य सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 26 मई 2026 को केंद्रीय एजेंसियों के साथ चलाए गए अभियान के दौरान नेटवर्क से जुड़े करीब 175 संदिग्धों की जांच की गई थी। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 12 अगस्त को 62 संदिग्धों से पूछताछ की गई।

सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों, संपर्कों और कथित साजिश से संबंधित पहलुओं की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब गृह मंत्रालय की ओर से यूपी पुलिस की सिफारिश पर निर्णय लिया जाना है।