गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो चेन स्नैचर पैर में गोली लगने से घायल; चोरी की बाइक, दो तमंचे और सोने के टुकड़े बरामद


गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो चेन स्नैचर पैर में गोली लगने से घायल; चोरी की बाइक, दो तमंचे और सोने के टुकड़े बरामद

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों की मंगलवार देर रात स्वाट टीम और थाना पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया है।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, मेरठ रोड स्थित मोरटी तिराहे पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

सोने की चेन झपटने की वारदात में थे शामिल

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल बदमाशों की पहचान आरिफ और जुबैर के रूप में हुई है। दोनों पर नंदग्राम क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

जांच में सामने आया कि दोनों बदमाशों ने एक सोसाइटी के बाहर पत्नी के साथ टहल रहे युवक के गले से सोने की चेन झपट ली थी। पुलिस अब इस वारदात के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

दो तमंचे और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो सोने के टुकड़े, चोरी की एक बाइक और दो तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बरामद माल

◆ 02 सोने के टुकड़े
◆ 01 चोरी की मोटरसाइकिल
◆ 02 अवैध तमंचे

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं और उनके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।