दनकौर में पुलिस मुठभेड़: गोवध का आरोपी संजू पैर में गोली लगने से घायल, तमंचा और गोवध के उपकरण बरामद,सेक्टर-18 के पॉकेट-5सी पार्क के पास हुई मुठभेड़, अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा आरोपी फरार; पुलिस तलाश में जुटी

ग्रेटर नोएडा | कानून रिव्यू | रिपोर्टर: दामोदर राजपूत
दनकौर। गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संजू नामक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 और 25 अक्टूबर की मध्यरात्रि गश्त के दौरान सेक्टर-18 के जंगल में पॉकेट-5सी पार्क के पास एक मोटरसाइकिल के नजदीक दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी डालकर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने भागते हुए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र के शेखपुर निवासी संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मौके से पशुओं के वध में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चापड़, दो छुरियां, रस्सियां, प्लास्टिक के कट्टे और एक प्लास्टिक की पन्नी सहित अन्य सामान भी बरामद हुआ है। इसके अलावा, इंजेक्शन की शीशियां, सीलबंद सिरिंज और सुइयां भी मिली हैं। बरामद इंजेक्शन और अन्य सामग्री के इस्तेमाल के संबंध में जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को सेक्टर-18 में पशुओं के अवशेष मिलने के मामले में थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पहले भी गोवध की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और हरियाणा में गोवध, शस्त्र अधिनियम, पशु क्रूरता तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की पहचान अशरफ पुत्र हसरत निवासी सिरोली बांगर, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर के रूप में बताई गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
थाना दनकौर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
