ग्रेटर नोएडा में चोर गिरोह का पर्दाफाश, 11 मोटरसाइकिल और 10 मोबाइल बरामद; 3 आरोपी गिरफ्तार,नॉलेज पार्क पुलिस की कार्रवाई, एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में; चोरी के वाहनों से राहगीरों के मोबाइल छीनने का आरोप

ग्रेटर नोएडा | कानून रिव्यू | रिपोर्टर: दामोदर राजपूत
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक पार्क के खंडहर से दीपक उर्फ अजय, अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद को गिरफ्तार किया गया। बरामद 11 मोटरसाइकिलों में नौ सही हालत में मिलीं, जबकि दो मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे बरामद हुए।

जांच के अनुसार, आरोपी एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनका इस्तेमाल राहगीरों के मोबाइल फोन चोरी करने और छीनने में करते थे। पुलिस का कहना है कि कुछ घटनाओं के बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे कबाड़ियों को बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में से दो के संबंध में थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के थाना भालस्वा में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी चोरी, आबकारी अधिनियम और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों और मोबाइल फोन के संबंध में अन्य शिकायतों की जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़ी अतिरिक्त घटनाओं का पता लगाया जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
