गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, शराब की दुकानों और बार का किया आकस्मिक निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में जनपद में शराब की दुकानों और बार पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्धनगर एवं जनपदीय आबकारी टीमों द्वारा देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप और बार अनुज्ञापनों का निरीक्षण किया गया।
निर्धारित मूल्य पर शराब बिक्री के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी ने अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने तथा पीओएस (POS) मशीन से स्कैन करने के बाद निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, मदिरा दुकानों पर आमजन के माध्यम से गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया, जिससे बिक्री व्यवस्था की जांच की जा सके।

कैंटीनों की जांच, अनियमितताओं पर कार्रवाई की चेतावनी
अभियान के दौरान दुकानों से जुड़ी कैंटीनों की गहनता से जांच की गई। कैंटीन संचालकों को फूड लाइसेंस, साफ-सफाई और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित कैंटीन संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।

सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग रियल टाइम में रखने के निर्देश
आबकारी विभाग की टीमों ने सभी मदिरा दुकानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को रियल टाइम में संचालित रखने के निर्देश दिए। विभाग का उद्देश्य मदिरा की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखना, निर्धारित मूल्य का पालन सुनिश्चित करना और दुकानों पर नियमों के अनुपालन की निगरानी करना है।
