आलोक शर्मा बने टीम इंडिया-A के उपकप्तान, नेपाल में दिखाएंगे दम


आलोक शर्मा बने टीम इंडिया-A के उपकप्तान, नेपाल में दिखाएंगे दम,17 से 20 अक्टूबर तक पोखरा में होगा अंतरराष्ट्रीय हंड्रेड बॉल्स क्रिकेट टूर्नामेंट, बल्लेबाज के रूप में 14 सदस्यीय टीम में मिली जगह

 

ऊंचाहार। रायबरेली जनपद के ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत आलोक शर्मा का चयन अंतरराष्ट्रीय हंड्रेड बॉल्स क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया-A में हुआ है। उन्हें 14 सदस्यीय टीम में बल्लेबाज के रूप में शामिल करने के साथ उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। टूर्नामेंट का आयोजन 17 से 20 अक्टूबर 2026 तक नेपाल के पोखरा में होना है।

 

आलोक शर्मा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के पूर्व छात्र हैं। वे राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम (RRVUNL) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में एनटीपीसी ऊंचाहार में कार्यरत आलोक शर्मा भारतीय पैरा क्रिकेट टीम के कप्तान भी हैं। पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ क्रिकेट के क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने उन्हें एक नई उपलब्धि दिलाई है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एमेच्योर हंड्रेड क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया (AHCFI) की ओर से 10 अक्टूबर 2026 को जारी चयन पत्र संख्या AHCF/TEAM/2026/028 में उनके चयन का उल्लेख किया गया है। चयन पत्र में उनके क्रिकेट कौशल, खेल के प्रति समर्पण और प्रदर्शन को चयन का आधार बताया गया है। टूर्नामेंट से पहले उन्हें टीम प्रबंधन की ओर से आयोजित ब्रीफिंग और प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल होना है।

 

एनटीपीसी में जिम्मेदारी, क्रिकेट के मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व

 

आलोक शर्मा की इस उपलब्धि से उनके समर्थकों, सहकर्मियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। एक ओर वे एनटीपीसी ऊंचाहार में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट के मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी कर रहे हैं।

अब खेल प्रेमियों की निगाहें नेपाल के पोखरा में होने वाले इस टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां आलोक शर्मा टीम इंडिया-A के उपकप्तान और बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।