थाना बीटा-2 पुलिस का खुलासा: बंद मकानों और निर्माणाधीन इमारतों में चोरी करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, 37 पाइप, ऑटो व 2 चाकू बरामद

ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों और निर्माणाधीन इमारतों में चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप, घटना में प्रयुक्त एक सीएनजी ऑटो रिक्शा और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सेक्टर सिग्मा-1 के सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया।
ऑटो से करते थे रेकी, बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हरि शंकर और शेरू शातिर किस्म के चोर हैं। हरि शंकर सीएनजी ऑटो रिक्शा से दिन और रात के समय सेक्टरों में सवारियां लाने-ले जाने के साथ-साथ बंद मकानों और निर्माणाधीन इमारतों की रेकी करता था।
रेकी के दौरान ऐसे मकानों को निशाना बनाया जाता था, जहां कोई देखरेख करने वाला नहीं होता था। इसके बाद आरोपी मकान या निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहा, स्टील, पीतल और अन्य सामान चोरी कर उसे ऑटो रिक्शा में भरकर ले जाते थे। चोरी किए गए सामान को बेचकर दोनों आरोपी अवैध धन अर्जित करते थे। पकड़े जाने के डर से दोनों अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे।
सेक्टर-36 की निर्माणाधीन बिल्डिंग से की थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 को ई-87, सेक्टर-36 की निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे के पाइप आदि चोरी किए थे। घटना के संबंध में वादी द्वारा 31 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
गिरफ्तार आरोपी
1. हरि शंकर पुत्र राम प्रकाश
निवासी ग्राम उमरी, थाना विंवार, जिला हमीरपुर। हाल पता ग्राम विरौड़ा, विनीत का मकान, थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा।
2. शेरू पुत्र बाबू
निवासी मकान नंबर 407, उस्मानपुर, शास्त्री पार्क, थाना शास्त्री पार्क, दिल्ली।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
आरोपियों के विरुद्ध थाना बीटा-2, सूरजपुर सहित अन्य थानों में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
हरि शंकर के विरुद्ध थाना सूरजपुर में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में भी चोरी और आयुध अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
- 37 चोरी किए गए लोहे के पाइप
- 01 सीएनजी ऑटो रिक्शा
- 02 अवैध चाकू
थाना बीटा-2 पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
