डीग में साइबर ठगी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार,ऑपरेशन काउंटडाउन में 9 साइबर ठग गिरफ्तार, 3 नाबालिग निरुद्ध,15 एंड्रॉयड मोबाइल, 14 सिम, 3 ATM कार्ड और क्रेटा-स्विफ्ट सहित 2 वाहन जब्त

डीग। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत डीग पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक डी. शरण गोपीनाथ के. IPS के निर्देशन में थाना गोपालगढ़ पुलिस ने 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड तथा एक क्रेटा और एक स्विफ्ट कार जब्त की हैं।

सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से पीड़ितों से ऑनलाइन रकम मंगाई जाती थी।
गिरोह द्वारा लोगों को पुराने सिक्के और पुराने नोट ऊंची कीमत पर खरीदने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद कार्ड, रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से पैसे अपने फर्जी बैंक खातों, यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड में ट्रांसफर करवाए जाते थे।
न्यूड वीडियो के नाम पर करते थे ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार साइबर ठगों द्वारा न्यूड वीडियो बनाने अथवा स्क्रीन रिकॉर्डिंग करने के बाद उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने का तरीका भी अपनाया जाता था। इस तरह की साइबर ठगी को सेक्सटॉर्शन के नाम से जाना जाता है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और अन्य डिजिटल माध्यमों की जानकारी जुटा रही है।
12 संदिग्धों पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुनफेद, तौफिक, अब्बास, शाहिद, राशिद, निसार, आकिल, फरहान और जैद के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना गोपालगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी नियमानुसार निरुद्ध किया गया है।

बरामदगी ने खोली साइबर गिरोह की पोल
पुलिस कार्रवाई में बरामद 15 मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड साइबर ठगी के नेटवर्क के संचालन में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा 3 एटीएम कार्ड और दो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की रकम किन-किन खातों में पहुंचाई गई।
ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक डी. शरण गोपीनाथ के. IPS के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत डीग पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गोपालगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के साथ-साथ ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा साइबर ठगी की संभावित वारदातों का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।
