कानपुर में कार से रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार,नरवल पुलिस की कार्रवाई, चोरी के कान के बाले, मोबाइल और नकदी बरामद; गिरोह के सरगना को पहले ही पकड़ा जा चुका

कानपुर। नरवल पुलिस ने कार से ग्रामीण इलाकों में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 अक्टूबर की रात करबिगवां फ्लाईओवर के पास से पकड़ा। उनके कब्जे से कान का बाला, मोबाइल फोन और 3,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दिन में करते थे रेकी, रात में चोरी
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी नौशाद उर्फ अयूब मुन्ना निवासी कुंवरपुर मलवां, फतेहपुर और अजय उर्फ शुभम निवासी गदियाना, चकेरी हैं। दोनों आरोपी कार से दिन के समय ग्रामीण इलाकों में घूमकर रेकी करते थे और रात में मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

बकरियां और जेवरात चोरी करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 22 जून को पारा गांव से छह बकरियां चोरी की थीं। इसके अलावा 17 सितंबर को बरादरी गांव से कान के बाले और मोबाइल फोन चोरी करने की वारदात को भी अंजाम दिया था।
गिरोह का सरगना पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के कथित सरगना धीरज सोनकर निवासी फतेहपुर को पुलिस ने 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पूछताछ और जांच के आधार पर नौशाद और अजय की गिरफ्तारी की गई।
कानपुर और फतेहपुर में दर्ज हैं कई मुकदमे
नरवल थाना प्रभारी अली कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ कानपुर और फतेहपुर में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में की गई चोरी की वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
