अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार


अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार,10 पिस्तौल और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद, विदेशी तस्करों से संपर्क होने का प्रारंभिक जांच में खुलासा

अमृतसर, पंजाब। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्तौल और 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में तीन ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और सात .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

विदेशी तस्करों से संपर्क होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोप है कि इन संपर्कों के माध्यम से अवैध हथियारों की आपूर्ति की जाती थी और उन्हें आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाता था।

कैंटोनमेंट थाने में मुकदमा दर्ज

इस मामले में अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों का पता लगाने के साथ-साथ इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को खत्म करने तथा पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।