थाना नौचंदी, मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,चेन स्नैचिंग का आरोपी सावेज पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार; अवैध तमंचा और नकदी बरामद,स्वाट टीम नगर और थाना नौचंदी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, महिला के गले से सोने की चेन झपटकर हुआ था फरार

मेरठ। थाना नौचंदी क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में वांछित आरोपी सावेज पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। स्वाट टीम नगर और थाना नौचंदी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और 3,320 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गीता कॉलोनी मोड़ पर हुई थी चेन स्नैचिंग
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को अभिषेक श्रीवास्तव पुत्र विजय कुमार श्रीवास्तव ने थाना नौचंदी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 7 बजे उनकी पत्नी चांदनी श्रीवास्तव पार्क से टहलकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गीता कॉलोनी मोड़ पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और रंगोली मंडप की ओर फरार हो गए।
शिकायत के मुताबिक, चेन का वजन करीब 35 ग्राम था। वारदात के दौरान चेन का आधा हिस्सा महिला के पास रह गया, जबकि बाकी हिस्सा आरोपी लेकर फरार हो गए। रास्ता अवरुद्ध होने पर आरोपी मोटरसाइकिल नाले के पास छोड़कर भाग गए। मामले में थाना नौचंदी पर मुकदमा अपराध संख्या 303/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को देखते ही की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
पुलिस के मुताबिक, 12 और 13 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग के मामले में वांछित आरोपी सावेज नौचंदी ग्राउंड में छिपा हुआ है। सूचना पर स्वाट टीम नगर और थाना नौचंदी पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल, मेरठ भेज दिया।
अवैध तमंचा और 3,320 रुपये बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सावेज पुत्र शमीम, निवासी जाकिर कॉलोनी, थाना लोहियानगर, मेरठ, हाल निवासी न्यू मुस्तफाबाद, लोनी, थाना लोनी, जनपद गाजियाबाद, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर और 3,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना नौचंदी के उपनिरीक्षक विनीत कुमार, स्वाट टीम नगर के प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा मय टीम, उपनिरीक्षक सतीश शर्मा, दुर्गेश कुमार पाण्डेय, कुंवर आकाश सिंह, हेड कांस्टेबल बन्टी कुमार तथा कांस्टेबल लाखन सिंह, लोकेन्द्र कुमार और तरुण शामिल रहे।
