गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान तेज, शराब दुकानों से लेकर बार-ढाबों तक औचक जांच; CCTV और टेस्ट परचेज से परखी व्यवस्था

गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में जनपद में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत 7 सितंबर 2026 को आबकारी टीमों ने विभिन्न मदिरा प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान जनपदीय आबकारी टीमों ने देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप, बार अनुज्ञापनों तथा ढाबों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को निर्धारित तरीके से प्रदर्शित करने तथा POS मशीन से स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा आबकारी टीमों ने कैंटीनों की गहनता से चेकिंग की। दुकानों पर बिक्री व्यवस्था की वास्तविक स्थिति परखने के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया। वहीं मदिरा दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की स्थिति और रियल टाइम रिकॉर्डिंग की भी जांच की गई।
आबकारी विभाग के इस प्रवर्तन अभियान का उद्देश्य जनपद में शराब की बिक्री को निर्धारित नियमों के अनुरूप बनाए रखना, दुकानों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करना और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नजर रखना है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
