गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब की दुकानों से लेकर बार और ढाबों तक हुआ औचक निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्धनगर के पर्यवेक्षण में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 6 सितंबर 2026 को जनपदीय आबकारी टीमों ने जिलेभर में संचालित विभिन्न मदिरा प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर बिक्री व्यवस्था और नियमों के अनुपालन की जांच की।
अभियान के दौरान टीमों द्वारा देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप, बार अनुज्ञापनों तथा ढाबों का औचक निरीक्षण किया गया। आबकारी टीमों ने अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को निर्धारित तरीके से प्रदर्शित करने तथा POS मशीन से स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही अभियान के दौरान कैंटीनों की गहनता से चेकिंग की गई। आबकारी टीमों द्वारा शराब की दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विक्रेताओं द्वारा निर्धारित नियमों और बिक्री प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मदिरा दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की स्थिति की भी जांच की गई तथा रियल टाइम रिकॉर्डिंग को देखा गया। आबकारी विभाग की टीमों ने प्रतिष्ठानों पर बिक्री व्यवस्था, निगरानी व्यवस्था और निर्धारित मूल्य पर मदिरा बिक्री को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आबकारी विभाग के इस विशेष प्रवर्तन अभियान का उद्देश्य जनपद में मदिरा की बिक्री को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करना, अनियमितताओं पर प्रभावी निगरानी रखना तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
