सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचर गिरोह का किया पर्दाफाश, 31 मोबाइल बरामद,दो शातिर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल से ऑनलाइन रकम उड़ाने का भी खुलासा; चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

नोएडा। राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर उनमें सेंध लगाने वाले गिरोह का थाना सेक्टर-63 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल के जरिए ऑनलाइन भुगतान एप के माध्यम से बैंक खातों से रकम भी ट्रांसफर करते थे।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मोबाइल स्नैचिंग और चोरी करने वाले दो आरोपी सेक्टर-63 क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बी-1 सेक्टर-63 में हल्दीराम कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से पुष्पेन्द्र और ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी कि बाइक सवार दो युवकों ने उसका सैमसंग मोबाइल फोन छीन लिया और उसके मोबाइल से लिंक बैंक खाते से करीब 93,500 रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये डेबिट/फ्रीज कराए और आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित का मोबाइल भी बरामद कर लिया।
मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर खाते से उड़ाते थे रकम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर उसमें मौजूद पेटीएम और फोन-पे जैसी डिजिटल भुगतान सेवाओं के माध्यम से अपने खातों में रकम ट्रांसफर कर लेते थे। जब उनके पास काफी संख्या में मोबाइल फोन इकट्ठे हो जाते थे, तो उन्हें कम कीमत में राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।

आरोपियों के मुताबिक, मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे और उसे मौज-मस्ती में खर्च करते थे। लोगों को डराने-धमकाने के लिए वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेन्द्र पुत्र धर्मेन्द्र, निवासी कृष्णानगर बागू, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद, उम्र करीब 23 वर्ष और ध्रुव पुत्र नवनीत कुमार, निवासी कृष्णानगर बागू, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से आरोपी ध्रुव के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जबकि पुष्पेन्द्र के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल फोन, एक सैमसंग मोबाइल फोन जो संबंधित मुकदमे से जुड़ा है, एक अवैध चाकू और हीरो एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल संख्या UP16FD8841 बरामद की है।
थाना सेक्टर-63 पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के संबंध में अन्य घटनाओं और आरोपियों के संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है।
