सरूरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; तीन मोबाइल और छह बैंक पासबुक बरामद


सरूरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; तीन मोबाइल और छह बैंक पासबुक बरामद

मेरठ। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरूरपुर पुलिस ने साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और विभिन्न बैंकों की छह बैंक पासबुक बरामद की हैं। मामले में एक अन्य आरोपी वांछित बताया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आसपास के लोगों के फर्जी पते और सिम कार्ड के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड, नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल्स और सिम कार्ड निश्चित प्रतिशत लाभ के बदले साइबर ठगों को उपलब्ध करा रहे हैं। इन बैंक खातों का इस्तेमाल देश-विदेश में होने वाली ऑनलाइन ठगी की रकम को प्राप्त करने और उसे निकालने के लिए किया जाता था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सरधना के निकट पर्यवेक्षण में थाना सरूरपुर पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए छह सितंबर 2026 को ग्राम सरूरपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावन पूनिया, सनी, विकास कुमार और विक्रांत के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से REALME, SAMSUNG और REDMI के तीन मोबाइल फोन तथा विभिन्न बैंकों की छह पासबुक बरामद की हैं। इनमें तीन पासबुक भारतीय स्टेट बैंक (SBI), एक यस बैंक, एक एक्सिस बैंक और एक केनरा बैंक की है।

बरामदगी और पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना सरूरपुर में मु0अ0सं0 226/2026, धारा 318(4)/3(5) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अनमोल निवासी मवाना वांछित है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में सावन पूनिया पुत्र सुनील कुमार (20 वर्ष), सनी पुत्र पदम सिंह (20 वर्ष), विकास कुमार पुत्र प्रेमचन्द्र (24 वर्ष) और विक्रांत पुत्र जगदीश (21 वर्ष), सभी निवासी ग्राम सरूरपुर, थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ, शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी गौरव, उपनिरीक्षक हिमांशु गौतम, उपनिरीक्षक अमित तोमर और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।