गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब की दुकानों और बार का किया गया औचक निरीक्षण


गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब की दुकानों और बार का किया गया औचक निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर और पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्धनगर के पर्यवेक्षण में 19 अक्टूबर 2026 को जनपदीय आबकारी टीमों ने विभिन्न मदिरा दुकानों और बार का आकस्मिक निरीक्षण किया।

अभियान के अंतर्गत देशी शराब की दुकानों, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप और बार के अनुज्ञापनों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को निर्धारित तरीके से प्रदर्शित करने तथा पीओएस (POS) मशीन से स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त कैंटीनों की गहनता से जांच की गई और दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया। आबकारी विभाग की टीमों ने सभी मदिरा दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को रियल टाइम में संचालित रखने के निर्देश दिए, ताकि दुकानों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य पर मदिरा की बिक्री, नियमों का पालन और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।