मेरठ में गौकशी के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार,कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई, दोनों के पैर में लगी गोली; कार, दो तमंचे और गौकशी के औजार बरामद

मेरठ। थाना कंकरखेड़ा पुलिस एवं स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गौकशी के अभियोग में वांछित दो अभियुक्त घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, दो देशी तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा गौकशी के औजार बरामद किए गए हैं। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
जटौली कट पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी दौराला के पर्यवेक्षण में थाना कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर द्वारा जटौली कट पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो जटौली कट के पास आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में जावेद एवं शाह आलम के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे दोनों घायल हो गए।
घायल अवस्था में गिरफ्तार, अस्पताल भेजे गए
पुलिस ने दोनों घायल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, उनका एक साथी अभियुक्त शोएब उर्फ कादिर उर्फ छोटू अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार कॉम्बिंग एवं संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
जंगेठी में गौकशी की घटना में वांछित थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में 13 सितंबर 2026 को थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम जंगेठी में हुई गौकशी की घटना को कारित करना स्वीकार किया है। दोनों आरोपी इसी मामले में वांछित चल रहे थे। मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी के संबंध में थाना कंकरखेड़ा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. जावेद (24 वर्ष) पुत्र जमील, निवासी पावली खास, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ।
2. शाह आलम पुत्र सलीम, निवासी ऊंचा सद्दीक नगर, थाना लिसाड़ी गेट, जनपद मेरठ।
बरामदगी का विवरण
- घटना में प्रयुक्त एक कार।
- दो देशी तमंचे .315 बोर।
- दो जिंदा कारतूस।
- दो खोखा कारतूस।
- गौकशी के औजार।
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0–692/26, धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ।
पुलिस टीम
थाना कंकरखेड़ा: प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह मय टीम।
स्वाट टीम नगर: प्रभारी मनीष शर्मा मय टीम।
