एक्सप्रेस-वे पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार,छह चोरी की मोटरसाइकिल, आईफोन, नकदी, कार और अवैध हथियार बरामद


एक्सप्रेस-वे पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार,छह चोरी की मोटरसाइकिल, आईफोन, नकदी, कार और अवैध हथियार बरामद

नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी की छह मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त आई-10 कार, आईफोन 13 प्रो, 1,300 रुपये नकद तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।

छपरौली टी-प्वाइंट से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छपरौली टी-प्वाइंट, सेक्टर-168 नोएडा से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर यादव पुत्र हरी बाबू निवासी मोहल्ला लोधीनगर, थाना छर्रा, अलीगढ़, हाल निवासी ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा तथा सोनू कुमार पुत्र सोनपाल सिंह निवासी कुंडा चौराहा के पास, थाना कुंडा, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड, हाल निवासी ग्राम वाजिदपुर, सेक्टर-135 नोएडा के रूप में हुई है।

कार से करते थे रेकी, झाड़ियों में छिपाते थे चोरी की बाइक

पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे आई-10 कार से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइकों को सुनसान स्थानों एवं झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। बाद में उन्हें सस्ते दामों में बेचकर अवैध धन अर्जित करते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे।

छह स्पलेंडर सहित तमंचा और चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छह हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त आई-10 कार संख्या DL9CAA1997, आईफोन 13 प्रो और 1,300 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी सागर यादव के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस तथा सोनू कुमार के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

इस मुकदमे में हुई कार्रवाई

थाना एक्सप्रेस-वे में मु0अ0सं0 140/2026, धारा 317(5) बीएनएस एवं 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी: 06 मोटरसाइकिल, 01 आई-10 कार, 01 आईफोन 13 प्रो, 1,300 रुपये नकद, 01 तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा 01 अवैध चाकू।