बीटा-2 पुलिस का बड़ा खुलासा: कंपनी से मोबाइल चोरी कर बेचने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, 50 लाख के 154 मोबाइल और 2.50 लाख नकद बरामद

ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 154 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से केशव कुमार, मनोज कुमार, रवि कुमार, विनित उर्फ मसना, मौ0 शोएब और हसीबुर्रहमान को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का एक सक्रिय गिरोह है, जिसका मास्टरमाइंड केशव कुमार बताया गया है। पुलिस के मुताबिक केशव पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है और एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, डी-28 साइट-4, बीटा-2 में कंटेनर चालक के पद पर कार्य करता था। कंपनी के तैयार मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों पर ऑर्डर डिलीवरी के लिए ले जाते समय वह कंटेनर की सील खोलकर मोबाइल के कार्टूनों से चिट हटाता और मोबाइल फोन निकाल लेता था।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए मोबाइल फोन को केशव अपने साथियों मनोज, विनित उर्फ मसना, शोएब, हसीबुर्रहमान, रवि कुमार तथा राकेश के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर मांग के अनुसार बाजार मूल्य से कम कीमत पर बेचता था। इससे गिरोह के सदस्य अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।
कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब पाए जाने पर कंपनी के मैनेजर की तहरीर के आधार पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0 284/2026 धारा 306/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी किए गए मोबाइल फोन तथा आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया और कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार निवासी बेर नगरिया, थाना गोंडा, अलीगढ़, उम्र 30 वर्ष; मनोज कुमार निवासी कुंवरपुर, थाना गोंडा, अलीगढ़, उम्र 25 वर्ष; रवि कुमार निवासी उमराला, थाना कोसीकलां, मथुरा, उम्र 32 वर्ष; विनित उर्फ मसना निवासी कुंवरपुर, थाना गोंडा, अलीगढ़, उम्र 23 वर्ष; मौ0 शोएब निवासी पतियापाड़ा बाइपास, चांदपुर, बिजनौर, उम्र 24 वर्ष तथा हसीबुर्रहमान निवासी मेवा नवादा, थाना स्योहारा, बिजनौर, उम्र 32 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 154 मोबाइल फोन, करीब 50 लाख रुपये कीमत के, 2.50 लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार संख्या 26BH3539K बरामद की है। मामले में थाना बीटा-2 पर मु0अ0सं0 284/26 धारा 306/61(2)/317(2) बीएनएस के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
