कुलगाम में आतंकी साजिश नाकाम, पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगी गिरफ्तार; 4 पिस्तौल और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद


कुलगाम में आतंकी साजिश नाकाम, पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगी गिरफ्तार; 4 पिस्तौल और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद

कुलगाम। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने चार 9 एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन, 22 कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, कुलगाम पुलिस, 9 राष्ट्रीय राइफल्स और 18 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को बुगम ऑर्चर्ड क्षेत्र में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ, जिसके बाद पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को हिरासत में लिया गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद चार 9 एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन, 22 कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, अब गिरफ्तार किए गए लोगों के आतंकी नेटवर्क से संबंधों की जांच की जा रही है।

पुलिस और सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद हथियार और गोला-बारूद कहां से लाए गए थे तथा गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे। मामले में आगे की जांच जारी है।