थाना टीपीनगर पुलिस की मुठभेड़ में शरद गोस्वामी गैंग का सक्रिय सदस्य घायल, राजस्थान का ₹5 हजार इनामी बदमाश गिरफ्तार


थाना टीपीनगर पुलिस की मुठभेड़ में शरद गोस्वामी गैंग का सक्रिय सदस्य घायल, राजस्थान का ₹5 हजार इनामी बदमाश गिरफ्तार

मेरठ। थाना टीपीनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात मुठभेड़ के दौरान शरद गोस्वामी गैंग के सक्रिय सदस्य और राजस्थान से ₹5,000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय प्यारे लाल शर्मा भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 की देर रात थाना टीपीनगर पुलिस की टीमें मंडी चौकी क्षेत्र में मोहमकपुर पुलिया के पास रेलवे लाइन के किनारे गश्त कर रही थीं।

इसी दौरान चौकी प्रभारी मंडी और चौकी प्रभारी वेदव्यासपुरी पुलिस टीम के साथ रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। सूचना पर थाना टीपीनगर की अन्य पुलिस टीमें भी मौके पर पहुंचीं और बदमाश की घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश की ओर से लगातार फायरिंग किए जाने पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें अनस पुत्र चुन्नन कुरैशी निवासी मकबरा डिग्गी, थाना रेलवे रोड, मेरठ के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुद को शरद गोस्वामी गैंग से जुड़ा बताया है। पुलिस के अनुसार, उसने पूर्व में लूटे और छीने गए मोबाइल फोन की बांग्लादेश एवं नेपाल में खरीद-फरोख्त में संलिप्त होने की बात भी बताई है। आरोपी राजस्थान के थाना ब्रह्मपुरी, जयपुर (उत्तर) में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 273/25 में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस की ओर से ₹5,000 का इनाम घोषित था।

पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है। उसके खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, बरामदगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और मोबाइल तस्करी के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक वरुण उपाध्याय, उपनिरीक्षक मोनू सिंह, उपनिरीक्षक मोबीन, कांस्टेबल सुमित भाटी, संजू भाटी, कपिल वर्मा, दिनेश कुमार और विजय कुमार थाना टीपीनगर शामिल रहे।