थाना कासना पुलिस की साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई, पीड़ित के ₹49,814.61 वापस कराए

ग्रेटर नोएडा। थाना कासना पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने साइबर फ्रॉड के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के ₹49,814.61 वापस कराने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कासना के नेतृत्व एवं साइबर सेल के उपनिरीक्षक (SI) सुमित कुमार की प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित को उसकी धनराशि वापस मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कासना निवासी मानसिंह पुत्र राम प्रसाद सिंह ने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत संख्या 33106260124067 दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 2 जून 2026 को फोन हैक कर उसके खाते से UPI के माध्यम से करीब ₹50,000 की धनराशि ट्रांसफर कर ली गई थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना प्रभारी कासना के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम और SI सुमित कुमार ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते से ठगी गई ₹49,814.61 की धनराशि वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित मानसिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए थाना कासना पुलिस, साइबर क्राइम टीम एवं विशेष रूप से SI सुमित कुमार का आभार व्यक्त किया।
