किसान नेताओं के घर जांच के नाम पर दबिश पर भड़के बलराज भाटी, बोले- दबाव की राजनीति नहीं होगी बर्दाश्त


किसान नेताओं के घर जांच के नाम पर दबिश पर भड़के बलराज भाटी, बोले- दबाव की राजनीति नहीं होगी बर्दाश्त

ग्रेटर नोएडा, 26 अगस्त। भारतीय किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने किसान नेताओं की जांच के नाम पर कथित उत्पीड़न को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में किसान नेताओं के घर पुलिस भेजकर परिवार, बैंक खातों, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत व्यक्तिगत जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ग्रेटर नोएडा के अल्फा फर्स्ट स्थित सी-ब्लॉक जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में बलराज भाटी ने कहा कि यदि किसी किसान नेता के खिलाफ शिकायत या आपराधिक मामला है तो कानून के अनुसार जांच होनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर दबाव बनाना या उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसान संगठन किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को सरकार और अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करते हैं। भ्रष्टाचार, अधिकारियों की मनमानी और किसानों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। किसान नेताओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

बलराज भाटी ने कहा कि अगर किसान नेताओं की जांच की जा रही है तो उन अधिकारियों और कर्मचारियों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जिन पर किसानों के उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और मनमानी के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने मेरठ में किसान नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए संबंधित अधिकारी अविनाश पांडे के खिलाफ भी निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं का कथित उत्पीड़न जारी रहा और किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन बलराज प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन संविधान और कानून के दायरे में रहकर किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा।

प्रेस वार्ता में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।