यूपी में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम के बाहर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; दो दिन से कर रहे थे रेकी


यूपी में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम के बाहर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; दो दिन से कर रहे थे रेकी

शामली। हरियाणवी सिंगर एवं अभिनेता अंकित बालियान की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में कई सनसनीखेज तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, अंकित की हत्या अचानक नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के तहत की गई थी। यूपी और हरियाणा से जुड़े हमलावर वारदात से करीब दो दिन पहले से उसकी रेकी कर रहे थे और उसकी दिनचर्या पर नजर रखे हुए थे।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों को अंकित के घर से निकलने और जिम पहुंचने के समय की जानकारी थी। बुधवार को भी बदमाशों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद जिम के बाहर मोर्चा संभालकर उसके बाहर आने का इंतजार किया गया। जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकला, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

हत्याकांड के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। जिम और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और वारदात के समय आसपास मौजूद लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

जांच का अहम बिंदु यह भी है कि हमलावरों को अंकित की लोकेशन और रोजाना की दिनचर्या की जानकारी किसने उपलब्ध कराई। पुलिस इसी कड़ी को जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में जिस तरह रेकी की बात सामने आई है, उससे पुलिस को आशंका है कि हत्याकांड को अंजाम देने से पहले अंकित की गतिविधियों की लगातार निगरानी की गई थी।

घटना से पहले अंकित द्वारा इंस्टाग्राम पर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर…’ गाना पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस पोस्ट के करीब दो घंटे बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अब इस सोशल मीडिया पोस्ट और हत्याकांड के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। मामले में हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।