थाना प्रभारी हरलाल मीणा के नेतृत्व में मथुरागेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कांस्टेबल उदयसिंह की बहादुरी से बचा बैंक ऑफ बड़ौदा का ATM; तीन बदमाश गिरफ्तार

भरतपुर। थाना प्रभारी हरलाल मीणा के नेतृत्व में थाना मथुरागेट पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को काटकर लूटने की कोशिश कर रहे बदमाशों की साजिश नाकाम कर दी। गश्त के दौरान कांस्टेबल उदयसिंह 439 की सतर्कता से पुलिस को एटीएम बूथ में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को एटीएम के अंदर से गिरफ्तार किया, जबकि मौके से फरार तीसरे आरोपी को भी बाद में दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात कांस्टेबल उदयसिंह गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एमएसजे कॉलेज के सामने स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ से संदिग्ध आहट सुनाई दी। उन्हें शक हुआ कि अंदर मौजूद बदमाश एटीएम मशीन को काटने की कोशिश कर रहे हैं। कांस्टेबल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम और रात्रि गश्त टीम को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक बदमाशों ने एटीएम का शटर नीचे गिराकर खुद को अंदर बंद कर लिया था।

पुलिस टीम ने एटीएम को घेरकर अंदर मौजूद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय पुत्र लाखन सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी अभौरा थाना कुम्हेर, डीग तथा कुलदीप पुत्र देवेंद्र, उम्र 29 वर्ष, निवासी गढ़गुआ थाना ईगलांश, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई। वहीं, मौके से फरार आरोपी शैलेन्द्र पुत्र हेतराम, उम्र 21 वर्ष, निवासी नगला केसरीया थाना चिकसाना को गठित पुलिस टीम ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से लोहे का सब्बल, कटर प्लास, कटर मशीन, तीन एक्स्ट्रा ब्लेड, हेलमेट और अन्य सामान बरामद किया है। इन सभी सामान को जब्ती में लिया गया है। मामले में शाखा प्रबंधक की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भरतपुर राजेश कुमार मीणा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय धर्मेंद्र यादव एवं सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त शहर आशिमा वासवानी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी हरलाल मीणा के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह, एएसआई रतीराम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। विशेष भूमिका निभाने वाले कांस्टेबल उदयसिंह 439 की सतर्कता की पुलिस विभाग में सराहना की जा रही है।
