थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने हत्या का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने हत्या का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मेरठ। थाना हस्तिनापुर पुलिस और स्वाट टीम देहात ने हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और साक्ष्य से संबंधित सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को बस्तौरा नारंग निवासी रूस्तम ने थाना हस्तिनापुर में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई सरवर को नजाकत और राहुल अपने साथ मोटरसाइकिल पर लेकर गए थे। आरोप है कि गढ़ चौपला (स्याना चौराहा) के पास स्थित एक होटल के कमरे में गोली मारकर सरवर की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को होटल की बेडशीट में बांधकर मध्य गंग नहर में फेंक दिया गया। मामले में थाना हस्तिनापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 190/26 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि संबंधित होटल के मालिक और मैनेजर को घटना की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी। आरोप है कि कमरे में मौजूद खून आदि को साफ कर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थाना हस्तिनापुर पुलिस एवं स्वाट टीम देहात ने कार्रवाई शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने राहुल पुत्र धर्मपाल निवासी असीलपुर कौठरा, थाना किठौर, मेरठ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सैमसंग मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, राहुल की निशानदेही और विवेचनात्मक कार्रवाई के आधार पर हत्या के साक्ष्य छिपाने के आरोप में होटल मालिक रोबिन पुत्र राजवीर शर्मा निवासी झड़ीना, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और होटल मैनेजर ओमेन्द्र पुत्र ओमपाल निवासी लोधीपुर झपका, थाना गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित बेडशीट के रंग से मिलता-जुलता एक तकिये का कवर भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, रोबिन और ओमेन्द्र शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राहुल के खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रोबिन और ओमेन्द्र के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमल शंकर त्रिवेदी, निरीक्षक शैलेश तोमर प्रभारी स्वाट टीम देहात, उपनिरीक्षक शिवेन्द्र सिंह, कपिल कुमार और अमित तिवारी समेत थाना हस्तिनापुर पुलिस की टीम शामिल रही।