थाना ईकोटेक-3 पुलिस से मुठभेड़ में बच्ची हत्याकांड का आरोपी बलराज ढेर, पुलिसकर्मी भी घायल; .32 बोर की पिस्टल बरामद


थाना ईकोटेक-3 पुलिस से मुठभेड़ में बच्ची हत्याकांड का आरोपी बलराज ढेर, पुलिसकर्मी भी घायल; .32 बोर की पिस्टल बरामद

ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बच्ची की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी बलराज पुत्र खेमचंद और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कराने के दौरान उसने झाड़ियों में छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी बलराज भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बच्ची की हत्या की घटना के आरोपी बलराज को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू उसने डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों में छिपाकर रखा है।

पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। बलराज ने गाड़ी से उतरकर कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से चाकू निकालकर पुलिस को बरामद कराया। इसी दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने मौका पाकर झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखी .32 बोर की पिस्टल उठा ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलराज को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल रवि कुमार तथा आरोपी बलराज को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बलराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेड कांस्टेबल रवि कुमार का उपचार जारी है।

पुलिस ने मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।