थाना लोहियानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोकशी का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल समेत तीन गिरफ्तार; तमंचे, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद


थाना लोहियानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोकशी का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल समेत तीन गिरफ्तार; तमंचे, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद

मेरठ के थाना लोहियानगर पुलिस ने गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान अखलाक और आसिफ पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि हमीद को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को सूचना मिली थी कि अय्यूब चक्की वाली गली, चमड़ा पैठ स्थित अखलाक की डेयरी के अंदर कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कमरे के अंदर पशु के अवशेष मिले। इस मामले में थाना लोहियानगर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

इसके बाद ग्राम नरहाड़ा मुलायम चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अखलाक पुत्र अफजाल अहमद, आसिफ पुत्र सईद और हमीद पुत्र मुस्तकीम को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अखलाक के बाएं पैर और आसिफ के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया, जबकि हमीद को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चमड़ा पैठ में गोकशी के बाद मांस बेचकर पैसे कमाते थे और 30 अगस्त को ग्राम नरहाड़ा के जंगल में भी गोकशी करने के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गोकशी में प्रयुक्त चाकू, दाव और लकड़ी के गुटके सहित अन्य उपकरण बरामद किए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल यूपी15ईके2857, दो .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में थाना लिसाड़ी गेट में चोरी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। मामले में शाहरुख नामक एक आरोपी फरार बताया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओ सुमित तोमर, उपनिरीक्षक ऋषभ गुप्ता, उपनिरीक्षक रोहित यादव, उपनिरीक्षक शुभम यादव, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार तिवारी और हेड कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।