थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने 10 हजार रुपये के इनामी वांछित लुटेरे को नजफगढ़ दिल्ली से दबोचा, जीरो प्वाइंट के पास व्यापारी से 1.38 करोड़ की लूट में था फरार


थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने 10 हजार रुपये के इनामी वांछित लुटेरे को नजफगढ़ दिल्ली से दबोचा, जीरो प्वाइंट के पास व्यापारी से 1.38 करोड़ की लूट में था फरार

ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी वांछित लुटेरे अभियुक्त सुखबीर पुत्र जगमाल को नजफगढ़, दिल्ली स्थित उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना बीटा-2 में दर्ज करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के माल की लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखबीर को उसके निवास स्थान नंगला डेरी, थाना नजफगढ़, दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0 298/2026, धारा 309(4), 317(2), 127(2), 61(2) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।

जांच में सामने आया कि आरोपी का एक सक्रिय गिरोह है, जो अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले रेकी करता था और इसके बाद लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। इसी गिरोह ने जीरो प्वाइंट के पास सोने-चांदी के व्यापारी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना में लूटे गए माल की कीमत करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में शामिल आरोपी के अन्य साथियों को 5 अगस्त 2026 को लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि सुखबीर घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

लगातार की जा रही तलाश और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने आरोपी को दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।