थाना परतापुर पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार; पिस्टल, दो तमंचे, चार कारतूस व बाइक बरामद


थाना परतापुर पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार; पिस्टल, दो तमंचे, चार कारतूस व बाइक बरामद

मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में थाना परतापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों हिमांशु लोधी, शिवम शर्मा उर्फ आवारा पंडित और वंश लोधी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक .32 बोर अवैध पिस्टल मय मैगजीन, दो .315 बोर अवैध तमंचे, .32 बोर के दो तथा .315 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, थाना परतापुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान डिवाइडर रोड स्थित अध्ययन कट के पास मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल मय मैगजीन, दो .315 बोर तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त जावा 42 बोबर मोटरसाइकिल संख्या UP15EZ0XXX भी पुलिस ने बरामद की।

पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि बरामद अवैध पिस्टल और तमंचे उन्होंने देवेन्द्र नामक व्यक्ति से खरीदे थे। इसके बाद पिस्टल को करीब 70 से 80 हजार रुपये तथा तमंचों को 9 से 10 हजार रुपये में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस अब अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले देवेन्द्र तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पहचान में जुटी है।

बरामदगी के आधार पर थाना परतापुर में मु0अ0सं0-455/2026, धारा 3/5/25 आयुध अधिनियम एवं धारा 111 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में हिमांशु लोधी पुत्र पुष्पेन्द्र लोधी निवासी ग्राम डुंगरावली, थाना परतापुर, मेरठ, शिवम शर्मा उर्फ आवारा पंडित पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी ग्राम सैनी, थाना इंचौली, मेरठ, हाल निवासी इन्द्रापुरम कॉलोनी, थाना परतापुर तथा वंश लोधी पुत्र संजय लोधी निवासी ग्राम बड़ा हसनपुर, थाना किठौर, मेरठ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त शिवम शर्मा उर्फ आवारा पंडित के खिलाफ पूर्व में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना कंकरखेड़ा, दौराला और मवाना में वर्ष 2020 से 2025 तक कई अभियोग पंजीकृत हैं। वहीं हिमांशु लोधी के खिलाफ भी थाना परतापुर में पूर्व का मुकदमा दर्ज है। वंश लोधी के खिलाफ वर्तमान मामले का अभियोग दर्ज है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शुक्ला, उपनिरीक्षक विनोद कुमार अत्री, कृष्णा कुमार, प्रशांत कुमार एवं अजय कुमार, हेड कांस्टेबल पवन कुमार तथा कांस्टेबल सुमित प्रभाकर, प्रिंस नरवाल और पवन कुमार शामिल रहे।