थाना फेस-1 पुलिस ने पीट-पीटकर हत्या करने वाले पांच आरोपी दबोचे, एक बाल अपचारी भी हिरासत में


थाना फेस-1 पुलिस ने पीट-पीटकर हत्या करने वाले पांच आरोपी दबोचे, एक बाल अपचारी भी हिरासत में

नोएडा। थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मारपीट कर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मंडल, करण कुमार मंडल, सुरेश मंडल, रोनक कुमार मंडल और निखिल उर्फ ब्रेवो के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात हरौला सेक्टर-5 स्थित किराये के मकान में आरोपियों को एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ करने पर वह घबरा गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे चोर समझकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में परिचितों द्वारा घायल प्रमोद कुमार, उम्र करीब 27 वर्ष, निवासी हरदोई को उपचार के लिए जिला अस्पताल सेक्टर-39 नोएडा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना फेस-1 पुलिस ने जांच शुरू की और मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को हरौला, सेक्टर-5 नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार मंडल और करण कुमार मंडल निवासी सुपौल, बिहार, सुरेश मंडल और रोनक कुमार मंडल निवासी मधुबनी, बिहार तथा निखिल उर्फ ब्रेवो निवासी आरा, बिहार शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में हरौला, सेक्टर-5 नोएडा में रह रहे थे।

इस संबंध में थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 475/2026 के तहत धारा 191(2), 190, 103(1) और 351(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।