सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी करने वाले तीन आरोपी दबोचे, 24,200 रुपये नकद, दो चाकू और बाइक बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24,200 रुपये नकद, दो अवैध चाकू और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को सेक्टर-18 मल्टीलेवल पार्किंग के पास से आशीष कुमार, सचिन शर्मा और सुनार आलोक कुमार गुप्ता उर्फ कन्हैया को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से मुकदमा संख्या 299/2026 और 326/2026 से संबंधित 24,200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP74AP6636 बरामद हुई। आशीष कुमार और सचिन शर्मा के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी आशीष कुमार अपने साथियों के साथ पहले रैकी करता था और इसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान को आरोपी सस्ते दामों में सुनार आलोक कुमार गुप्ता उर्फ कन्हैया को बेच देते थे। चोरी से प्राप्त रकम से आरोपी अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आशीष कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-20 और थाना सौरिख, कन्नौज में आर्म्स एक्ट, चोरी और आबकारी अधिनियम सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं। सचिन शर्मा के खिलाफ थाना सेक्टर-20 और थाना सौरिख में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आलोक कुमार गुप्ता उर्फ कन्हैया के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
