आजमगढ़ में कागज की गड्डी को रुपये बताकर टप्पेबाजी करने वाला गैंग पकड़ा, मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में लगी गोली


आजमगढ़ में कागज की गड्डी को रुपये बताकर टप्पेबाजी करने वाला गैंग पकड़ा, मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में लगी गोली

आजमगढ़। महिलाओं को कागज की गड्डी को रुपये की गड्डी बताकर भ्रमित कर उनके आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाजी गैंग के तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सीओ लालगंज भूपेश पांडेय के अनुसार, तीनों आरोपी गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और मिलकर आजमगढ़, मऊ व गाजीपुर में टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

मुठभेड़ में दो बदमाश घायल

13 अगस्त की रात तरवां पुलिस को सूचना मिली कि टप्पेबाजी की घटनाओं में चिन्हित तीन संदिग्ध बदमाश काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से चिरैयाकोट की ओर से बोंगरिया आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाश भागने लगे। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद एक बदमाश खेत की ओर भाग गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके साथी कमलेश राम को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

फरार तीसरे आरोपी विकास यादव की तलाश में पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना दी। रात करीब 12 बजे मेंहनगर पुलिस ने शिवरामपुर नहर पुलिया के पास उसे घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी से बचकर भागते समय विकास ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी मेंहनगर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मुकेश यादव — थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर
  2. कमलेश राम — थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर
  3. विकास यादव — थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 तमंचे .315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 01 पल्सर मोटरसाइकिल और 6,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा मंगलसूत्र, कान के झुमके, कनफूल, लॉकेट, पायल और चेन समेत पीली व सफेद धातु के आभूषण भी बरामद हुए हैं।

कई टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने 3 अगस्त को मऊ के चिरैयाकोट क्षेत्र के खरिहानी तिराहे पर एक महिला से मंगलसूत्र, पायल, चांदी की चेन और चार हजार रुपये ठगने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 7 अगस्त को तरवां के कंचनपुर बाजार में महिला के कान के कनफूल उतरवाकर ले जाने तथा उसी दिन गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के सामने महिला का पर्स लेकर फरार होने की घटना भी कबूल की।

पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित आभूषण और नकदी भी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ तरवां और मेंहनगर थाने में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।

कार्रवाई में तरवां और मेंहनगर थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं।