दनकौर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, 2 बदमाश घायल; बंधक बनाए गए 2 युवक सकुशल मुक्त, 2 तमंचे, 5 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल व 10 हजार रुपये बरामद

ग्रेटर नोएडा। थाना दनकौर क्षेत्र में सवारी के रूप में लोगों को कार में बैठाकर रास्ते में डराने-धमकाने और रुपये छीनने वाले बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया। वहीं, बदमाशों के कब्जे से बंधक बनाए गए दो युवकों को सकुशल मुक्त कराया गया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 अगस्त 2026 को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक को कार में सवारी के रूप में बैठाकर बंधक बना लिया गया है और डरा-धमकाकर उससे ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराए गए हैं। सूचना पर थाना दनकौर पुलिस एवं पीआरवी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉलर से जानकारी की।

जांच में पता चला कि पीड़ित का भाई थाना दनकौर क्षेत्र स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के पास आगरा की ओर जाने वाले टोल से धौलपुर, राजस्थान जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कार सवार युवकों ने उसे सवारी के रूप में अपनी कार में बैठा लिया और रास्ते में बंधक बनाकर डराने-धमकाने के बाद उससे ऑनलाइन रुपये ले लिए।
पुलिस टीम एवं पीआरवी कर्मियों ने घटना में प्रयुक्त आई-20 कार संख्या HR 10 X 0405 की पहचान कर उसका पीछा किया। अंडरपास के पास पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाशों ने कार से उतरते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान अभिनय पल्लव पुत्र धनंजय कुमार, निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार, उम्र 24 वर्ष तथा सत्यम सिंह पुत्र अरुण कुमार, निवासी शुगर मिल, भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

बंधक बनाए गए दो युवक सकुशल मुक्त
पुलिस टीम ने बदमाशों के कब्जे से सवारी के रूप में बैठाए गए हेमेन्द्र पुत्र जगन सिंह, निवासी धौलपुर, राजस्थान, उम्र 27 वर्ष तथा जीरो प्वाइंट से पूर्व में बैठाए गए नमन पुत्र राघवेन्द्र, निवासी कानपुर नगर, उम्र 18 वर्ष को सकुशल मुक्त करा लिया।
बरामद सामान
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार संख्या HR 10 X 0405, 02 अवैध तमंचे .315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 05 जिंदा कारतूस, 04 मोबाइल फोन, छीने गए 10,000 रुपये तथा 01 अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। मामले में अन्य अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
