थाना बीटा-2 के उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह की सराहनीय पहल, साइबर जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों-शिक्षकों को किया जागरूक; Digital Arrest Scam और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय


थाना बीटा-2 के उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह की सराहनीय पहल, साइबर जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों-शिक्षकों को किया जागरूक; Digital Arrest Scam और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय

ग्रेटर नोएडा। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए थाना बीटा-2 में तैनात उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह ने Fr. Agnel School, Beta-2 एवं Greater Noida World School के विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आधुनिक साइबर फ्रॉड से बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह ने छात्रों एवं शिक्षकों को साइबर सिक्योरिटी, साइबर हाइजीन, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी लिंक एवं कॉल, OTP/UPI फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी को सुरक्षित रखने तथा अनजान व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी साझा न करने की अपील की।

Digital Arrest Scam को लेकर किया विशेष जागरूक

कार्यक्रम के दौरान Digital Arrest Scam को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह ने बताया कि साइबर ठग पुलिस, CBI, ED, नारकोटिक्स विभाग या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल कर लोगों को किसी कथित अपराध में फंसाने या गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं और मानसिक दबाव बनाकर पैसे ऐंठते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल पर Digital Arrest नहीं किया जाता। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय कॉल को तुरंत समाप्त करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते या ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी न दें और न ही किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर करें।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत

छात्रों एवं शिक्षकों को बताया गया कि साइबर फ्रॉड होने पर समय बर्बाद किए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के बाद शुरुआती समय में की गई शिकायत बेहद महत्वपूर्ण होती है।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने साइबर सुरक्षा को लेकर छात्रों एवं शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए उप निरीक्षक अतुल प्रताप सिंह एवं पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक साइबर अपराधों, Digital Arrest Scam तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना रहा।